चंडीगढ़ः गांव खुड्डा लाहौरा में व्यक्ति का शव मिलने से इलाका निवासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। गांव खुड्डा लाहौरा में लहूलुहान अस्वस्था में एक व्यक्ति का मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी फॉरेंसिक और सीएफएसएल टीम को भी दी गई। दोनों टीमों ने घटनास्थल से सैंपल एकत्रित किए हैं। मृतक की पहचान जिया उर हक (33) के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मोहाली के नयागांव का रहने वाला है। मृतक नयागांव की जनता कॉलोनी में रहता था।
रात दो बजे वह जनता कॉलोनी स्थित अपने घर से निकला था। सुबह 8 बजे खुड्डा लाहौर में एक वकील के फॉर्म हाउस के पास खेत में उसका खून से सना शव मिला। फार्म हाउस काम करने वाले कर्मचारियों ने शव को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। मृतक के गले में गहरे घाव हैं। मौके पर खून के निशान भी मिले हैं। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि व्यक्ति की हत्या हुई है या उसने खुद जान दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।