अमृतसर। पंजाब में कांग्रेस के सीएम फेस के एलान के बाद पार्टी के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू फील्ड में ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। इस बीच, नवजोत सिंह सिद्धू ने सीएम फेस के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि राहुल गांधी जी ने जो फैसला दिया है और हम सभी ने इसका स्वागत किया है। आलाकमान के फैसले से किसी को कोई दिक्कत नहीं है।
बता दें, राहुल गांधी ने जिस दिन पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम फेस के रूप में एलान किया था तब सिद्धू को अंतिम समय तक यह पता नहीं लगा कि उनका इससे पत्ता कट गया है। इसके बाद से नवजोत सिंह सिद्धू खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। दो दिन पूर्व सिद्धू वैष्णो देवी भी गए। यहां अमृतसर पूर्वी सीट पर प्रचार उनकी पत्नी व बेटी ने संभाला। सिद्धू की बेटी राबिया सिद्धू भी सीएम फेस के रूप में पिता का नाम न होने से खिन्न दिखी। राबिया ने यहां तक कह दिया कि चरणजीत सिंह चन्नी उनके पिता के सामने खड़े होने लायक भी नहीं है।
पार्टी नेता प्रियंका गांधी को कल 13 फरवरी को पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए आना है। प्रियंका के आने से ठीक पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी में सबकुछ ठीक होने का बयान दिया है। कहा कि सीएम फेस को लेकर हाईकमान के फैसले से सभी सहमत हैं। इस मुद्दे पर पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। बता दें, नवजोत सिंह सिद्धू को प्रियंका गांधी का नजदीकी नेता माना जाता है। जब नवजोत सिंह सिद्धू भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए थे तब कैप्टन अमरिंदर सिंह नहीं चाहते थे कि सिद्धू कांग्रेस में आएं, लेकिन प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की कांग्रेस में एंट्री हुई थी।