मुंबईः पॉपुलर हॉलीवुड एक्टर रोवन एटकिंसन को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें फैल रही है, जिससे उनके फैन काफी परेशान हो गए हैं। ‘Mr Bean’ के किरदार से पूरी दुनिया को हंसाने वाले रोवन एटकिंसन को लेकर हर कोई यही सवाल कर रहा है कि क्या रोवन एटकिंसटन का निधन हो गया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर रोवन एटकिंसटन के निधन की खबर ने जोर पकड़ लिया। लेकिन, सच तो ये है कि ये सिर्फ अफवाहे हैं।
जॉनी इंग्लिश और मिस्टर बीन जैसे किरदार निभा चुके रोवन एटकिंसन जिंदा हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। ट्विटर पर रोवन एटकिंसन को लेकर अफवाह उड़ी थी कि उनका निधन हो गया है। जिसके बाद अभिनेता के फैन उन्हें लेकर परेशान हो गए।
कई लोगों ने तो RIP Mr Bean लिखते हुए शोक व्यक्त करना शुरू कर दिया। लेकिन, मिस्टर बीन पूरी तरह से ठीक और स्वस्थ हैं। हालांकि, ये कोई पहली बार नहीं है जब लोगों को हंसाने वाले रोवन एटकिंसन को लेकर इस तरह की खबरें आई हों। पहले भी रोवन की मौत की अफवाहें उड़ चुकी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, रोवन एटकिंसन की मौत की अफवाह Fox News नाम के एक ट्विटर हैंडल ने उड़ाई थी। जो कि खुद को एक अमेरिकी न्यूज चैनल बता रहा था। लेकिन, यह एक फर्जी ट्विटर हैंडल था, जिसके लिंक में एक स्पैम था। यानि, जिन भी लोगों ने इसके लिंक पर क्लिक किया, वह एक स्पैम का शिकार हो गए।
इस ट्वीट में लिखा गया था- ‘फॉक्स ब्रेकिंग, मिस्टर बीन (रोवन एटकिंसन) का एक कार दुर्घटना में निधन हो गया।’ बता दें, इसी साल जनवरी में रोवन एटकिंसन ने एक इंटरव्यू में अब मिस्टर बीन का करिदार नहीं निभाने की बात कही थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि इस किरदार पर बन रहे एक एनिमेशन सीरीज के लिए अपनी आवाज देंगे। रोवन ने कहा कि मिस्टर बीन के किरदार को जिस जिम्मेदारी के साथ निभाना पड़ता है वो बहुत भारी है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें इस किरदार को निभाने में मजा नहीं आता इसलिए वो मिस्टर बीन से दूरी बनाने जा रहे हैं।