रायपुरः यहां पति पत्नी के रिश्तों को तार-तार करने का मामला सामने आया है। जिले में एक पत्नी ने अपने पति की प्रॉपर्टी हड़पने के लिए उसे जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की है। महिला ने पति के सोने के बाद चलाकी से घर में आग लगा दी। इस आग की चपेट में आकर व्यक्ति बुरी तरह जल गया जिसके बाद उसका अस्पताल में इलाज जारी है। यह पूरा कांड व्यक्ति की दूसरी पत्नी ने किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुजगहन इलाके में एक निजी अस्पताल में एक व्यक्ति जली हुई हालत में भर्ती हुआ है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट जानने के साथ ही पीड़ित शिव कुमार बंजारे (48) निवासी अछोली हीरानगर का मैजिस्ट्रेट के सामने बयान लिया। शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी दो पत्नियां है, पहली पत्नी रुक्मणी बंजारे और दूसरी पत्नी सूरज बाई जोशी है। दोनों पत्नियां अलग-अलग घर पर रहती है।
शिव कुमार के मुताबिक, उसकी दूसरी पत्नी सूरज बाई जोशी उस पर प्रॉपर्टी अपने नाम करने की लिए दबाव डालती थी। जब वह मना कर देता था तो वह विवाद करने लग जाती थी। सूरज बाई चाहती थी कि शिव उसकी सभी प्रॉपर्टी उसे ही दे। वह उसे पहली पत्नी से मिलने को लेकर भी टोका करती थी जिससे दोनों के बीच विवाद भी होता था।
14 जनवरी को शिव अपनी पहली पत्नी रुक्मणी से मिलकर दूसरी पत्नी के घर पहुंचा। तब सूरज बाई उससे पैसों की मांग करने लगी। इसके अलावा दोनों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर फिर विवाद हुआ। शिवकुमार विवाद के बाद खाना खाकर वहीं सो गया। रात करीब साढ़े 11 बजे सूरज बाई घर के सिलेंडर का वॉल्व खोल दिया जिससे गैस पूरी तरह घर पर भर गई। फिर उसने बाहर से माचिस मार कर घर पर आग लगा दी।
आग भड़कते ही शिवकुमार चपेट में आ गया जिससे उसके शरीर का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह जल गया। शोर गुल की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। फिर शिव को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस ने बयान और सबूत के आधार पर आरोपी पत्नी सूरज बाई को जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।