नई दिल्ली। लता मंगेशकर के निधन से आज पूरा देश गमगीन है। अपनी आवाज के जरिए गीतों में जान फूंकने वाली लता मंगेशकर के निधन के साथ एक स्वर्णीम युग का भी अंत हो गया है। उनकी आवाज का जादू हमेशा देशवासियों पर राज करता रहेगा। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेन्द्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।
उनके निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीट में उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई के शिवाजी पार्क पहुंचकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। यहीं पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। ये इत्तफाक ही है कि जिस गीत ए मेरे वतन के लोगों, ने उन्हें एक नई पहचान दी थी उसको लिखने वाले कवि प्रदीप का आज जन्मदिन भी है। आज ही लता स्वर्ग के लिए प्रस्थान कर गईं।