ऊना/सुशील पंडित: गोविंद सागर झील के लठियानी घाट में बाइक समेत झील में जा गिरे युवक का शव आज सुबह गोताखोरों ने ढूंढ निकाला। कल देर रात तक ,जब गोविंद सागर झील में गिरे युवक का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस और प्रशासन की टीमों ने गोताखोरों की मदद लेने का फैसला लिया था। आज सुबह करीब 7ः00 बजे गोताखोरों के साथ पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर सर्च ऑपरेशन में जुट गई। करीब 9ः45 पर कार्तिक के शव को गोविंद सागर झील से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल हॉस्पिटल ऊना भेजा। घटना के संबंध में मृतक युवक के साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात रहे कि कल बड़सर निवासी 19 वर्षीय कार्तिक पुत्र प्रीतम चंद अपने दो अन्य दोस्तों 19 वर्षीय अर्पण पुत्र कृष्ण सिंह और 18 वर्षीय विवेक पुत्र ओमकार दत्त शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर लठियानी पहुंचा था। इस दौरान तीनों युवक बाइक पर घूमते गोविंद सागर झील के घाट की तरफ चले गए परंतु अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और झील की तरफ लुढ़क गई। हादसे के दौरान विवेक बाइक से गिर गया जबकि अर्पण कुछ दूरी पर जाकर गिरा जिसके चलते वे बुरी तरह घायल हो, लेकिन कार्तिक संभल नहीं पाया और झील में जा गिरा, हालांकि कार्तिक की बाइक झील के किनारे ही गिर पड़ी थी।दोनों दोस्तों ने कार्तिक को झील में गिरते देख शोर मचाया जिसके चलते आसपास के लोगों को भी घटना का पता चला। काफी देर खोजने के बावजूद कार्तिक का कोई पता नहीं चल पाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना प्रवीण धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोताखोरों की मदद से वीरवार सुबह कार्तिक के शव को झील से बाहर निकाल लिया गया है जिसे पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल भेजा था। पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।