मोगाः पंजाब में बढ़ रहे अवैध हथियारों और नशों पर लगाम कसने के लिए पुलिस मुस्तैद दिख रही है। हाल ही में मोगा पुलिस ने अलग-अलग 4 मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें 2 मामले एक थाना बधनी कलां और एक मामला थाना निहाल सिंह में दर्ज किया है।
इन दोनों थानों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनसे एक .315 बोर देसी पिस्टल और 2-2 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र हरमेश सिंह वासी मोगा के रूप में हुई हैं। वहीं थाना सदर की पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपी हनी पुत्र राकेश कुमार वासी कोटू भंगिया से 300 ग्राम हैरोइन बरामद की है।
वहीं थाना सिटी में भी एक मामला दर्ज किया है जिसमें चोर गिरोह के 2 मेंबरों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान गुरजीत सिंह वासी लंगेयाना, जगजीत सिंह वासी फिरोजपुर हुई है। इनके गिरोह में कुल 7 मेंबर थे जो फिरोजपुर से आकर यहां चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनके कब्जे से एक-एक बोलेरो गाड़ी बरामद की है जो इन चोरों ने शराब के ठेके से चुराई थी।
एसपीडी डा. बाल कृष्ण ने बताया कि गुप्त सूचना और गश्त के दौरान सभी आरोपियों को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे और अवैध हथियारों का प्रयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को मानयोग अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लिया जाएगा जिससे आरोपियों के लिंक पता लगाए जाएंगे ताकि इनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सके। वहीं इनके पिछले क्रिमिनल रिकॉर्ड भी चेक किए जाएंगे।