
नई दिल्लीः ईरान (Iran) का एक अमानवीय चेहरा दुनिया के सामने आया है। वहां एक महिला को पति की हत्या के जुर्म में फांसी (Execution) दी जानी थी, लेकिन इसके पहले ही उसकी मौत हार्ट अटैक (Heart Attack) से हो गई। इसके बावजूद वहां उसके शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। जानकारी के अनुसार महिला का पति ईरान में खुफिया अधिकारी था। फांसी की यह घटना तेहरान के बाहरी इलाके कराज की राजाई शहर की जेल में हुई।
महिला के वकील ने जानकारी दी है कि इस महिला का नाम जाहरा इस्माइली था। उसके दो बच्चे हैं। उसका पति उससे और उसके बच्चों से मारपीट करता था। ऐसे में उसने एक दिन पति की हत्या कर दी। चूंकि ईरान का कानून सख्त है, ऐसे में उसे फांसी की सजा सुनाई गई।
ईरान का प्रशासन जाहरा को हर कीमत पर फांसी पर चढ़ाना चाहता था, ताकि कानून के तहत उसकी सास अपने बेटे की हत्या का बदला ले सके। वकील ने मीडिया को बताया कि जाहरा से पहले वहां 16 लोगों को फांसी दी जानी थी। इससे पहले डर और तनाव के कारण जाहरा की मौत हार्ट अटैक से हो गई।
वकील ने बताया कि प्रशासन ने मानवीयता भूलकर महिला के शव के हाथ बांधे और उसे स्टूल पर बैठा दिया। उसके गले में फंदा पड़ा था। उसकी सास ने उसके स्टूल में लात मारी और जाहरा का शव फंदे पर लटकने लगा।