
फिल्लौर : व्यक्ति का कंकाल मिलने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार युवक का कंकाल नवांशहर में गन्ने के खेतों से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान प्रवीन कुमार(32) निवासी गांव सरहाल मुंडी के तौर पर हुई है। वह 38 दिनों से लापता था। पुलिस ने बताया कि उसकी मौत नशे से हुई है।उन्होंने बताया कि कंकाल के पास नशे के टीके और सिरिंज भी बरामद हुई हैं।
थाना बहिराम के प्रभारी राजीव कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवीन कुमार चार फरवरी से घर से लापता था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिवार ने दर्ज करवाई थी। गांववासियों ने बताया कि प्रवीन की शादी आठ महीने पहले हुई थी। प्रवीन कोई पक्का काम नहीं करता था। उसे जो भी काम मिल जाए, वह कर लेता था। प्रवीन की मां की कुछ समय पहले मौत हो गई थी।
गांव वासियों ने बताया कि वह लगभग तीन साल से नशा कर रहा था। थाना बहिराम के प्रभारी राजीव ने बताया कि उसका कंकाल गांव चक रामू नवांशहर के खेतों से मिला। परिवार ने कपड़ों से उसकी पहचान की है। थाना बहिराम की पुलिस मृतक के रिश्तेदारों को साथ लेकर मोहाली में उसके कंकाल का डीएनए टेस्ट करवाएगी।