
जांच में हुआ चौकाने वाला खुलासा
अमृतसरः नशे और क्राइम की वारदातों के खिलाफ लगातार पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वहीं आज देहात पुलिस ने 2 महिलाओं को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से अवैध हथियार और नशे की खेप बरामद की है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं का पाकिस्तान कनेक्शन मिला है। देहात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भरोपाल, थाना घरिंडा में दो घरों पर रेड की थी।
रेड के दौरान पुलिस ने 10 पिस्टल (.30 कैलिबर) और 2 किलो हेरोइन बरामद की है। मामले में नशा व हथियार तस्कर कुलजीत कौर और रजबीर कौर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह ने बताया कि उक्त दोनों महिलाएं भरौवाल गांव की रहने वाली हैं। सूचना मिली थी कि यह दोनों महिलाएं पाकिस्तान से हथियार और हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई करती थी। सूचना के आधार पर दोनों महिलाओं के घरों पर रेड की गई, जहां से हथियार और नशे की खेप बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ केस कर लिया है और पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके और भी साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।