
डीगः जिले में खौफनाक मामला सामने है। जहां, 2 नाबालिग लड़कों ने 15 साल की लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है। यह घटना डीग जिले में होली के दिन वीरवार को हुई। लड़की के दादा ने खोह पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी मुताबिक, होली के दिन शाम को घर से 500 मीटर की दूरी पर कीर्तन कार्यक्रम चल रहा था। लड़की का पूरा परिवार वहीं गया हुआ था और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान 2 लड़के घर में घुसे और लड़की के साथ जबरन संबंध बनाने शुरू कर दिए। बाद में युवकों ने पकड़े जाने के डर से लड़की का गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए। जब परिवार वाले कीर्तन से वापस आए तो उन्होंने लड़की को मृत पाया। पीड़ित लड़की 15 साल की थी और वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। 2 साल पहले ही बीमारी के कारण उसके पिता का निधन हो गया था।
आरोपियों की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के गले पर निशान मिले हैं जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।