
कोटाः नेशनल हाईवे 27 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक रामस्वरूप गुर्जर (42) पलायथा गांव का रहने वाला था, जो अपने ससुराल से वापिस गांव लौट रहा था। घर पहुंचने से आधा किमी पहले अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गम्भीर घायल हालात में रामस्वरूप को इलाज के लिए कोटा लाया गया जिसके बाद निजी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी देते हुए राम सिंह ने बताया कि उसका दोस्त रामस्वरूप अपनी पत्नी को ससुराल टाकरवाड़ा छोड़कर वापिस घर लौट रहे थे। देर रात 8 बजे के आसपास कालीसिंध व पलायथा पुलिया पर पहुंचे। उसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा घर से आधा किमी पहले हुआ। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अंता हॉस्पिटल ले गए। जहां से कोटा रेफर किया। रामस्वरूप का निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। सिर पर गम्भीर चोट लगने से रामस्वरूप की मौत हो गई।
अंता थाना हेड कॉन्स्टेबल रामहेत ने बताया कि रात साढ़े 9 बजे करीब एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। इलाज के दौरान घायल रामस्वरूप की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।