
हरदाः जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां, घर की छत की मुंडेर गिरने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बालागांव में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे के करीब का बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बालागांव में सुबह करीब 9 बजे युवाओं का एक ग्रुप होली खेल रहा था। इस दौरान एक पुराने मकान की छत की मुंडेर अचानक गिर गई। हादसे में संजीव गौर (20) को गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि संजीव दो भाइयों में छोटा था। वह बीकॉम की पढ़ाई पूरी कर चुका था। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।