ऊना/सुशील पंडित: बीते रोज उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते गांव सिंगा में उपमंडल वंगाणा के अप्पर नारी गांव से बारात को न दुल्हन का घर मिला था न दुल्हन, प्राप्त जानकारी के अनुसार दूल्हा परिवार बंगाणा के नारी गांव का निवासी है। नारी गांव के पंचायत प्रधान राम कुमार ने बताया कि बेशक पुलिस की ओर से मामले को शांत करने का प्रयास किया गया। हम पुलिस की कार्यशैली का समर्थन करते हैं। लेकिन गांव में एक महिला बिचौलिया की धोखेबाजी ने पूरा माहौल खराब किया गया है। दूल्हे वालों ने शादी का पूरा खर्च रीति रिवाज से किया। कहा कि दूल्हे वालों ने बताया कि शादी में उनका 5.86 लाख रुपये का खर्च हुआ। राम कुमार ने कहा कि पंचायत ने फैसला किया है कि आरोपी बिचौलिया शादी का पूरा खर्च दूल्हे वालों को देगी। इसके साथ पूरा गांव उस आरोपी महिला का बायकाट करेगा। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश तो यह है कि आरोपी महिला को गांव के बाहर निकाला जाए। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला बिचौलिया पहले भी धोखाधड़ी मामलों में आरोपी रही है। इससे पूरे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
क्या है मामला
बता दें कि बीते मंगलवार सुबह के समय कुटलैहड़ विस क्षेत्र के नारी गांव से बारात गाड़ियों में सवार होकर पहुंची। इस दौरान सिंगा के ग्रामीण भी बारात आती देख सोच में पड़ गए। ग्रामीणों ने दूल्हा पक्ष से पूछा कि आपको कहां जाना है। इसपर बारातियों ने भी पूछा कि यहां शादी वाला घर कौन सा है। इसपर सिंगा के ग्रामीणों ने कहा कि यहां तो कोई शादी नहीं है। यह सुनकर दूल्हा पक्ष के लोग विश्वास नहीं कर पाए। उन्होंने दूल्हन की फोटो दिखाई तो ग्रामीणों ने साफ कहा कि यह लड़की तो हमारे गांव की नहीं है। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए। वहीं शादी की बिचौलिया नारी गांव की महिला मनु पत्नी राजीव भी गाड़ी से उतरी और तेवर दिखाते हुए कहा कि शादी इसी गांव में है। मैं लड़की के घर का पता करके आती हूं। यह बहाना बनाकर महिला अपने पति के साथ गाड़ी में सवार होकर वहां से चली गई।
जब महिला कुछ देर तक नहीं आई तो ग्रामीणों के साथ बारातियों को भी शक हुआ। बिचौलिया महिला को फोन लगाया तो उसने कहा कि लड़की ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और वह पंजाब के नवांशहर अस्पताल जा रही। इसपर शक और गहरा गया और कुछ लोगों ने दूसरी गाड़ी में सवार होकर महिला को घेरा और वापस सिंगा गांव लेकर आए। इसके बाद बारातियों और बिचौलिया महिला का विवाद गहराता देख मौके पर स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधि और पुलिसकर्मी भी पहुंचे। इसके बाद बारातियों को पंचायत घर लेकर जाया गया। शाम पांच बजे पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर थाना सदर पुलिस के पास भेजा। लेकिन देर शाम तक दूल्हा पक्ष नहीं पहुंचा। जबकि आरोपी महिला बिचौलिया और उसका पति रात को थाना सदर में पेश हुआ। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है। दोनों पक्षों की ओर से जवाब दर्ज किए गए हैं। आगामी जांच जारी