
ऊना/बंगाणा/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस क्षेत्र के थानाकलां के अंबेदकर भवन में कुटलैहड़ भाजपा मंडल के अभ्यास वर्ग को सोमवार को शुभारंभ हुआ। शुभारंभ के मौके पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। भारतीय जनता पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए धूमल ने कहा कि ये पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसी में ही अभ्यास वर्ग लगते हैं। समय के अनुसार नेता तो पूर्व हो जाते हैं लेकिन कार्यकर्ता कभी भी पूर्व नहीं होते हैं। 1977 में आपातकाल की घोषणा के बाद जनसंघ का कई अन्य दलों से विलय हुआ और जनता पार्टी का उदय हुआ। पार्टी ने 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस से सत्ता छीन ली और 1980 में जनता पार्टी को भंग करके भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गई। धूमल ने कहा कि भाजपा 2022 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुट गई है। इसके लिए रणनीति भी बनाई जा रही है। पार्टी जन-जन तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करेगी। जल्द ही पार्टी पेपर लैस बनने की तैयारी कर रही है। धूमल ने कहा कि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कश्मीर से धारा 370 हटाने और पाकिस्तान को सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कई राष्ट्रहित योजनाओं के लिए देश याद रखेगा।

इस अभ्यास सत्र के दौरान लोकसभा के प्रभारी त्रिलोक जंबाल ने कार्यकर्ताओं को अपना बूथ सबसे मजबूत पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। सुमित शर्मा ने हमारी कार्यपद्धति एवं संगठन में हमारी भूमिका विषय पर अपने विचार रखे। जिला ऊना के भाजपा प्रभारी विनोद ठाकुर ने सोशल मीडिया के उपयोग, नादौन के पूर्व विधायक विजय अगिनहोत्री ने आज के भारत की वैचारिक मुख्यधारा विषय पर चर्चा की। इस अभ्यास वर्ग में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर लाल, मंडलाध्यक्ष तरसेम लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश सदस्य विजय शर्मा, जिला परिषद निशा भुल्लर, महिला मोर्चा की अध्यक्षा शकुंतला देवी, पंचायत समिति के अध्यक्ष देवराज शर्मा, उपाध्यक्ष जमीत सिंह, पंचायत समिति सदस्य जोगिन्द्र देव आर्य, त्रिशला देवी, राजेन्द्र, किसान मोर्चा के बलवंत वर्मा, अजय समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।