
विरोध करने पर हेलमेट से किया हमला, आरोपी फरार
नई दिल्लीः दिल्ली के द्वारका इलाके में चलती बस में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ कथित रूप से छेड़खानी की और उस पर हमला कर दिया। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना उस समय हुई जब पीसीआर इकाई में तैनात कांस्टेबल ड्यूटी पर जा रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी, कांस्टेबल के साथ क्लस्टर बस में चढ़ा और उसके पीछे खड़ा हो गया। इसके बाद उसने गलत तरीके से उसे छुआ। जब कांस्टेबल ने इस पर आपत्ति जतायी तो उसने हेलमेट से उस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने कहा कि हमले में कांस्टेबल घायल हो गई, जबकि आरोपी बस से उतरकर भाग गया। कांस्टेबल को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर है। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला कांस्टेबल की मदद के लिये आगे नहीं आया। यहां तक कि बस चालक और मार्शल ने भी मदद नहीं की। उधर, चालक का कहना है कि घटना बस से बाहर हुई थी। द्वारका के पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने कहा, ’’मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।