
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार ने एकबार फिर से सरकार की नींद उड़ा दी है। महाराष्ट्र के कई जिलों में ना सिर्फ कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, बल्कि मौत के आंकड़े भी बहुत अधिक सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र के 6 जिलों में पिछले तीन हफ्तों से कोरोना की वजह से मौत के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं और ये जिले हैं रत्नागिरी, बीड, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, सतारा और अमरावती। हालांकि राज्य में औसत मृत्यु के आंकड़े में जरूर सुधार हुआ है।
खबर के मुताबिक, 29 जनवरी से 4 फरवरी के बीच राज्य में औसत मृत्यु दर 30.7 थी। वहीं 5 फरवरी से 11 फरवरी के बीच ये 22.85 हुई और पिछले सप्ताह में प्रति दिन 31.1 मौतें हुईं। अमरावती में 5 फरवरी से 11 फरवरी के बीच प्रतिदिन औसत मृत्यु 0.85 थी। वहीं 12 फरवरी से 18 फरवरी के बीच ये बढ़कर 1.71 हो गई। इसी अवधि में सतारा में 0.85 से 1.14 मौतें हुईं, बीड 0.57 से 1.28 तक, और रायगढ़ में 1.85 से 5.7 औसत मौतें हुईं। महाराष्ट्र में कोरोना से 51,669 मौतें हुई हैं, जो भारत में हुई कुल मौतों का एक तिहाई हिस्सा है। इसके अलावा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी मौत के आंकड़ों में वृद्धि हुई है।