
नई दिल्ली। हज 2021 की तैयारियां शुरु हो गई हैं। आज से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। वहीं कोरोना के चलते हज कमेटी ऑफ इंडिया (HCI) की ओर से एक बड़ा फैसला लिया गया है। नए बदलाव के तहत हज 2021 के लिए अब देशभर से सिर्फ 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स से ही हज जायरीन रवाना होंगे। जबकि बीते साल तक हज जायरीन 21 इम्बार्केशन पॉइंट्स से रवाना होते थे। यह ऐलान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया है. इसके साथ ही हज यात्रा के लिए और भी दूसरे बदलाव किए गए हैं।
हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से कोरोना के चलते किए गए बदलाव के तहत हज 2021 के लिए सिर्फ इन 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स से सऊदी अरब के लिए फ्लाइट रवाना होंगी. यह पॉइंट्स हैं- अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर।
अहमदाबाद एम्बार्केशन पॉइंट से गुजरात के सभी हज यात्री।
बेंगलुरु से (कर्नाटक के सभी हज यात्री)।
कोच्चि से (केरल, लक्षद्वीप, पुड्डुचेर्री, तमिलनाडु, अंडमान एवं निकोबार)।
दिल्ली से (दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के पश्चिम क्षेत्र)।
गुवाहाटी से (असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड)।
हैदराबाद से (आँध्र प्रदेश, तेलंगाना)।
कोलकाता से (पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, झारखण्ड, बिहार)।
लखनऊ से (पश्चिम उत्तर प्रदेश को छोड़ कर उत्तर प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्र)।
मुंबई से (महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन और दीव, दादर व नगर हवेली)।
श्रीनगर से (जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख-कारगिल) के हज यात्री यात्रा करेंगे।