
ऊना। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में अजगर निकलने के काफी मामले सामने आए हैं। हमीरपुर और कांगड़ा के बाद अब ऊना में अजगर निकला, जिसे कुछ लोगों ने मार दिया। इस संबंध में पुलिस ने 5 लोगों पर केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, थाना अंब के अंर्तगत गांव बणे दी हट्टी में एक अजगर को मारने पर गांव के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। गुरुवार रात्रि करीब 9 बजे बणे दी हट्टी में एक अजगर सड़क से गुजर रहा था। ग्रामीण उसका वीडियो बना रहे थे और उसे परेशान कर रहे थे।
इसी दौरान डीएसपी (अंब) सृष्टि पांडे भी उसी मार्ग से गुजर रही थीं। अजगर को सड़क पर देखकर डीएसपी सृष्टि पांडे ने भीड़ को हटाया और अजगर को सुरक्षित सड़क से पार करवा दिया, लेकिन जब डीएसपी वापस आईं तो देखा कि स्थानीय लोगों ने अजगर को मार दिया है।
डीएसपी सृष्टि पांडे ने मौके पर जांच की और अजगर को मारने वाले 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि अजगर मारने पर मलकियत सिंह, अशोक कुमार, पंकु कुमार, यशपाल सिंह व शमशेर सिंह (सभी निवासी मुबारकपुर) के खिलाफ भारतीय वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।