
भोपालः मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक पति की दरिंदगी की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत हैवान पति ने फरसे के कई वार कर पत्नी के हाथ-पैर काट डाले। आरोपी अपनी पत्नी पर फरसे के वार कर उसे हवा में लहराते हुए किसी को पास न आने की चेतावनी दे रहा था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल उसे बातों में उलझाकर दबोचा। वहीं पुलिस कटे हाथ-पैरों के साथ बुरी तरह जख्मी पत्नी को अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताते हैं कि पति शराबी है और उसे अपनी पत्नी के चाल-चलन पर शक था। इसी के चलते उसने अपनी पत्नी के साथ जानवरों जैसा सलूक किया और फरसे से कई वार किए। उसने फरसे से पत्नी के बाएं हाथ की हथेली और बाएं पैर का पंजा काट डाला, घुटने के पास भी पैर पर वार किया। आरोपी ने पत्नी के सीधे पैर पर भी फरसा मारा। घटना के वक्त चीख पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे तो हिंसक पति का रूप और महिला की हालत देखकर दहल गए। तुरंत पुलिस को खबर की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम प्रीतम सिसोदिया है और सिवनी मालवा का रहने वाला है। वर्तमान में वह करोंद के पास विश्वकर्मा नगर में रहता था। पत्नी के अलावा उसका एक बच्चा भी है। भोपाल के डीआईजी इरशाद वली ने जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने शराब के नशे की हालत में घटना को अंजाम दिया था। सारे पहलुओं की जांच की जा रही है। इरशाद वली ने कहा कि महिला को अच्छे से अच्छा इलाज देने का प्रयास करेंगे, ताकि वह खतरे से बाहर आए। साथ ही उन्होंने बताया कि पहले भी पति ने गुमशुदगी का आवेदन दिया था। जब पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची तो आरोपी फरसा लहराकर पुलिस को भी धमकी देने लगा। आरक्षक राहुल सिकरवार और शैलेन्द्र ने आरोपी को बातों में उलझाकर बहुत सूझ-बूझ और सतर्कता से पकड़ा।
बताया जा रहा है कि आरोपी पति शराब के नशे में अक्सर पत्नी से झगड़ा कर उसके साथ मारपीट करता था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।