
नई दिल्लीः कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। देश के 11 राज्यों की 33 जिलों में बीते 10 दिन के अंदर कोरोना के एक्टिव केस बढ़ गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र सरकार (Central Government) अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को केंद्र ने मॉल, रेस्टोरेंट्स और धार्मिक स्थलों के लिए नई गाइडलाइंस (New Covid Guidelines) जारी कर दी हैं। महाराष्ट्र (Maharashtra) और केरल के बाद देश के कई दूसरे राज्य भी बढ़ते मामलों का सामना कर रहे हैं। महाराष्ट्र के कुछ जिलों में लॉकडाउन (Lockdown) जारी है।
कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के साथ ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसिया मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी आम सावधानियों पर जोर दे रही थीं। देश के कई राज्यों में इन सावधानियों का पालन अनिवार्य कर दिया था। मुंबई में कोविड नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए मार्शल्स की तैनाती कर दी गई थी। केंद्र का कहना है कि नई गाइडलाइंस 1 मार्च से लागू हो चुकी हैं।
शॉपिंग मॉल्स के लिए गाइडलाइंस
सोशल डिस्टेंसिंग को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त लोगों को तैनात किया जाना चाहिए। हाई रिस्क ग्रुप में शामिल कर्मचारियों को ज्यादा सावधानियां बरतनी होंगी। ऐसे कर्मचारियों को नागरिकों के साथ सीधे संपर्क में आने वाले कामों में शामिल नहीं होना चाहिए। मॉल में आने वाले लोगों के अलावा सामान आपूर्ति के लिए भी एंट्री और एग्जिट अलग-अलग होनी चाहिए।
रेस्टोरेंट्स के लिए गाइडलाइंस
बैठकर खाने के बजाए टेकअवे को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही फूड डिलीवरी के दौरान सभी कोविड सावधानियों का ध्यान रखा जाएगा। होम डिलीवरी के लिए तय स्टाफ की पहले थर्मल स्क्रीनिंग होगी। साथ ही पार्किंग एरिया और रेस्त्रां के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग को सुनिश्चित करने के लिए क्राउड मैनेजमेंट जरूरी है। रेस्त्रां के अंदर जाने के लिए 6 फीट की दूरी बनानी होगी।
धार्मिक स्थलों के लिए गाइडलाइंस
धार्मिक स्थल के अंदर आने से पहले हाथों की पूरी सफाई और थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य करनी होगी। स्थलों पर केवल एसिम्प्टोमैटिक लोगों को ही प्रवेश मिले। वहीं, मास्क के बगैर किसी को अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा अंदर कोरोना वायरस से बचाव से संबंधित पोस्टर लगाए जाने चाहिए।
www.covid19india.org वेबसाइट के आंकड़े बताते हैं कि देश में अब तक कोरोना वायरस 1 करोड़ 11 लाख 73 हजार 738 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 57 हजार 586 मरीजों की मौत हो चुकी है। अच्छी खबर है कि 1 करोड़ 8 लाख 38 हजार 170 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। देश में फिलहाल एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 73 हजार 379 है। देश में वैक्सीन प्रोग्राम भी जारी है। वेबसाइट के अनुसार, 1 करोड़ 65 लाख 35 हजार 703 वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं।