
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश प्रभारी अविनाश खन्ना ने कांग्रेस पर साधा निशाना
ऊना/सुशील पंडित: जिला मुख्यालय स्थित भाजपा के कार्यालय भवन का भूमि पूजन केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अगुवाई में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ ही सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात को भी सुना।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस नेताओं द्वारा राज्यपाल के साथ किए व्यवहार को लेकर भी कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि कांग्रेस का यह कृत्य काले अक्षरों में लिखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने महंगाई को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान महंगाई पर लगाम कसी गई है खाद्य पदार्थों की कीमतें पूर्व यूपीए सरकार की कीमतों की तुलना में काफी कम है।
भाजपा के समय में महंगाई पर लगाम कसी गई है और पिछले 7 सालों में यह औसतन में 4 फ़ीसदी पर टिकी हुई है। कांग्रेस की सत्ता काल में दालों को विदेश से इंपोर्ट किया जाता रहा, लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों को प्रोत्साहन राशि देकर दालों का उत्पादन बढ़ाया है।
और किसानों को समर्थन मूल्य भी बेहतर दिया गया है। कांग्रेस सत्ता काल के दौरान दालें 140 से लेकर 160 रुपपये तक बिकती थी, लेकिन भाजपा सरकार के समय में इनका दाम 60 से 65 रुपये रहा है। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को किसानों के मन की बात करने की नसीहत देने के बयान पर अनुराग ठाकुर ने कहा भाजपा सरकार किसानों की हितैषी रही है। किसान सम्मान निधि योजना इसका प्रमुख उदाहरण है। किसानों की आय को दोगुना करने के लिए ही कृषि बिल को लाया गया है और स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को लागू किया गया है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा वर्ष 2022 में निश्चित रूप से मिशन रिपीट को सफल बनाएगी। हिमाचल प्रदेश में लगातार 2 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के बाद विधानसभा में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाना और उसके बाद हाल ही में स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भाजपा का भारी जीत हासिल करना दर्शाता है कि 2022 में भाजपा की सरकार निश्चित रूप से रिपीट होगी।
अविनाश राय खन्ना ने कहा कि इसके लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत और केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की जन हितैषी नीतियां अहम भूमिका निभाएगी। खन्ना ने कहा कि पहली बार प्रदेश सरकार जनता किस्मत सपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी। इतना ही नहीं भाजपा के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े हिमाचल प्रदेश के सभी 68 भाजपा प्रत्याशी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे। खन्ना ने विधानसभा स्तर में हुए हंगामे को लेकर भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।