
नई दिल्लीः एयरपोर्ट के 2 कर्मचारियों पर यात्रियों के बैग से 2,500 डॉलर चोरी करने के आरोप लगे हैं जिसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान गौरव कुमार और प्रकाश चंद के रूप में हुई है, जो खोया-पाया विभाग में काम करते थे।
ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक रोशन पटेल अमेरिका से दिल्ली आए थे और उनके बैग में 2,500 डॉलर और अन्य सामान था, जो गायब हो गया। इस घटना के बाद रोशन पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि वीरवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उस बैग को बरामद किया था और उसे खोया-पाया विभाग में जमा कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और पाया कि टर्मिनल पर बैग के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच खोया-पाया विभाग के कर्मचारियों पर केंद्रित की।
पूछताछ के दौरान दोनों कर्मचारियों गौरव और प्रकाश चंद से संदेह की पुष्टि हुई। शुरुआत में दोनों ने आरोपों से इनकार किया, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज सामने आए, तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। फुटेज में दोनों को खोया-पाया विभाग के कार्यालय में बैग से सामान निकालते हुए देखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2024 को एक CISF कर्मचारी ने एक बैग अपने कार्यालय में जमा किया। जब वह टी-2 एलपी रूम में प्रकाश चंद को बैग सौंप रहा था, तो उसने देखा कि बैग में 2,500 डॉलर रखे थे। लालच में आकर प्रकाश ने गौरव को यह पैसे चोरी करने के लिए प्रेरित किया और दोनों ने मिलकर 2,500 डॉलर चुराए। आरोपी गौरव ने यह भी खुलासा किया कि उसने सिस्टम से 2,500 डॉलर की एंट्री हटा दी थी जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।