
33 वर्षों बाद मिली ननावी-फाल्ह-गलोड़ सड़क निर्माण की स्वीकृति: विवेक शर्मा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूरी की वर्षों पुरानी मांग, ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम में दी जानकारी
ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा की बहुचर्चित सड़क ननावी-फाल्ह-गलोड़ के निर्माण को लेकर आखिरकार 33 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी मिली है। विधायक विवेक शर्मा के अथक प्रयासों से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फॉरेस्ट विभाग से इस सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाकर हजारों ग्रामीणों के सपने को साकार किया है। यह सड़क 1992 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा इस सड़क निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन तब से यह योजना केवल कागजों तक ही सीमित रही।
33 वर्षों में किसी भी सरकार या फिर कुटलैहड़ विधायक मंत्री रहे फॉरेस्ट विभाग से उक्त सड़क की एनओसी नहीं दिला पाए थे लेकिन विधायक विवेक शर्मा ने उक्त सड़क निर्माण को लेकर प्रयास करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास यह समस्या रखते हुए फॉरेस्ट विभाग से एनओसी दिलाकर जनता को बड़ी राहत प्रदान की है। हालांकि सोलह सिंगी धार के मध्य ही उक्त सड़क का निर्माण कार्य अधूरा है। कोट और ननाबीं से मलकीयत भूमि पर उक्त सड़क का निर्माण कार्य हो चुका है। अब उक्त सड़क निर्माण होने से पीपलू से लेकर डरोह तक जनता को सीधा लाभ मिलेगा व हमीरपुर की दूरी भी कम होगी।
विधायक ने विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान ननावीं में मीडिया से बात करते हुए उक्त सड़क निर्माण के लिए फॉरेस्ट विभाग द्वारा दी गई एनओसी के बारे में जानकारी दी। विवेक शर्मा ने कहा यह सड़क केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई राह है। वर्षों से यहां के लोग सड़क की सुविधा से वंचित थे, लेकिन अब यह सपना पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस सड़क निर्माण को मंजूरी देकर जनता को बड़ी राहत दी है।
विवेक शर्मा ने कहा कि ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मौके पर ही हल करना है। इस कार्यक्रम के तहत वह स्वयं जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और तत्काल समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा जनता की सेवा ही हमारा पहला कर्तव्य है। लोग अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते रहते हैं, इसलिए हमने सोचा कि क्यों न हम स्वयं जनता के पास जाएं और उनकी परेशानियों का हल निकालें।
इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल,तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार रेंज ऑफिसर बंगाणा अंकुश आनंद,खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार,थाना प्रभारी बंगाणा रोहित चौधरी,कृषि विभाग अधिकारी सतपाल धीमान,एडीओ विद्युत ,जल शक्ति विभाग , जिला पार्षद सदस्य सत्या देवी, कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा,देसराज मोदगिल,वीडीसी सदस्य जोगेंद्र देव आर्य स्थानीय प्रधान उपप्रधान एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।